बिजली कार्यालय के बाहर युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन

धरमजयगढ़ में भी बिजली बिलों की अचानक हुई बढ़ोतरी को लेकर प्रदर्शन
धरमजयगढ़ :- प्रदेश में बिजली बिलों में अचानक हुई बढ़ोतरी को लेकर उपभोक्ताओं की चिंता लगातार बढ़ रही है। इसी के विरोध में बुधवार को धर्मजयगढ़ में बिजली कार्यालय के बाहर युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। उस्मान बेग के निर्देश पर प्रदीप बींकल विश्वास के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रतीकात्मक रूप से बिजली बिलों को जलाकर अपना आक्रोश व्यक्त किया।

जिला अध्यक्ष युवा नेता प्रदीप बिंकल विश्वास ने आरोप लगाया कि सरकार उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त भार डाल रही है। उन्होंने कहा कि गरीब और मध्यम वर्ग का घरेलू बजट पहले से ही चरमराया हुआ है, और बिजली बिलों की मार ने रसोई तक को प्रभावित कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी—’’यदि सरकार ने यह जनविरोधी निर्णय वापस नहीं लिया, तो कांग्रेस सड़क से लेकर विधानसभा तक उग्र प्रदर्शन करेगी और इसे जन-आंदोलन का रूप दिया जाएगा।’’



