Latest News

अधूरे निर्माण पर पूर्णता का ठप्पा, जिम्मेदारों पर कार्यवाही कब?

शौचालय नहीं, भ्रष्टाचार की इमारत—तीन लाख हुए बेकार

छाल। शासन की योजनाएं कागजों में भले ही आकर्षक दिखती हों, लेकिन जमीनी हकीकत अक्सर इसके उलट नजर आती है। इसका ताजा उदाहरण नवापारा स्थित एसईसीएल आवासीय परिसर के बाहर जादौन घर के पास देखने को मिल रहा है, जहां जनता की सुविधा के लिए बनाया गया सार्वजनिक शौचालय आज बदहाली का शिकार बना हुआ है।

करीब तीन लाख रुपये की लागत से निर्मित इस शौचालय को कागजों में आठ महीने के भीतर पूर्ण घोषित कर दिया गया, जबकि वास्तविकता यह है कि निर्माण कार्य अब तक अधूरा पड़ा है और पिछले एक वर्ष से यह भवन उपयोग के बिना धूल फांक रहा है। इसके बावजूद संबंधित विभाग इसे पूर्ण बताकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहा है।

यह निर्माण कार्य 15वें वित्त आयोग के तहत वर्ष 2023-24 में जनपद उपाध्यक्ष रमेश अग्रवाल की अनुशंसा पर कराया गया था। उद्देश्य क्षेत्र में संचालित दुकानों, बैंकों और आम नागरिकों को स्वच्छता की सुविधा उपलब्ध कराना था, लेकिन निर्माण एजेंसी की लापरवाही ने इस योजना को विफल बना दिया।

🔴 खुले टैंक दे रहे हादसे को न्योता

IMG 20260322 WA0022

स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शौचालय के सेप्टिक टैंक के चैंबर अब भी खुले पड़े हैं। उन पर ढक्कन तक नहीं लगाया गया है, जिससे ये गहरे गड्ढे कभी भी राहगीरों या बेजुबान जानवरों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब निर्माण कार्य अधूरा है, टैंक खुले हैं और शौचालय का उपयोग शुरू ही नहीं हुआ, तो आखिर किस आधार पर इसे पूर्णता प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया?

🔴 जनता के पैसे की बर्बादी

IMG 20260322 WA0023

लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद आम जनता आज भी खुले में शौच जाने को मजबूर है, जबकि यह सरकारी भवन अनुपयोगी पड़ा हुआ है। यह स्थिति न केवल सरकारी धन की बर्बादी को दर्शाती है, बल्कि निर्माण एजेंसी की लापरवाही और संभावित भ्रष्टाचार की ओर भी इशारा करती है।

अब देखना यह है कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर कब संज्ञान लेता है या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही कार्यवाही की जाएगी।

Niraj Biswas

नीरज विश्वास, सीजी चौपाल न्यूज़ . पता - रायगढ़ , छत्तीसगढ़ मो . 8818972003

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!