मांड नदी में अवैध रेत उत्खनन की शिकायत पर पहुंचे पटवारी, चालक वाहन लेकर फरार

धरमजयगढ़। क्षेत्र की मांड नदी में लंबे समय से मशीनों के माध्यम से अवैध रेत उत्खनन किए जाने की शिकायत मिलने पर हल्का पटवारी विकास वर्मा मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान नदी में रेत उत्खनन और परिवहन की गतिविधियां संचालित होती मिलीं।
जानकारी के अनुसार पंचनामा की कार्यवाही के दौरान संबंधित चालक पटवारी को गुमराह कर ट्रैक्टर और लोडर लेकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि उक्त ट्रैक्टर-लोडर धरमजयगढ़ के बाँसजोर निवासी मुरली यादव का है। घटना के बाद पटवारी ने मुख्यालय पहुंचकर मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को देने और आगे की कार्यवाही कराने की बात कही है।
क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि मांड नदी से लगातार रेत निकाले जाने के बावजूद प्रभावी कार्यवाही नहीं होने से रेत तस्करों के हौसले बुलंद हैं।



