बिग ब्रेकिंग: मवेशी तस्करी कर रहे ट्रक को धरमजयगढ़ पुलिस ने घेरा, तस्कर वाहन छोड़कर फरार

धरमजयगढ़। बीती मंगलवार – बुधवार की दरमियानी रात मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर धरमजयगढ़ पुलिस ने मवेशी तस्करी के खिलाफ कार्यवाही करते हुए एक मवेशी लोड ट्रक और एक पल्सर बाइक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। कार्यवाही के दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में मवेशियों को लोड कर तस्करी के लिए ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ट्रक का पीछा किया। इसी दौरान छाल थाना क्षेत्र के ग्राम कीदा से पुरुंगा के बीच पुलिस और डायल 112 की टीम ने घेराबंदी कर मवेशी लोड ट्रक क्रमांक CG 14 D 0739 को पकड़ लिया।

मौके से पल्सर बाइक क्रमांक CG 13 BE 0803 भी बरामद की गई। हालांकि, पुलिस की घेराबंदी के बीच अंधेरे का फायदा उठाते हुए सभी संदिग्ध तस्कर अपने वाहन छोड़कर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
धरमजयगढ़ पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा मवेशियों की संख्या, तस्करी में शामिल लोगों और वाहनों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे आवश्यक कानूनी कार्यवाही की जा रही है।



