लाफर घाट में बड़े-बड़े गड्ढों से बढ़ी परेशानी, आए दिन फंस रहे वाहन

छाल। खेदापाली से छाल के बीच स्थित लाफर घाट मार्ग इन दिनों बड़े-बड़े गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। जर्जर सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से आए दिन वाहन फंस रहे हैं, जिसके चलते मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित होने की स्थिति बन रही है।
जानकारी के अनुसार खेदापाली-छाल के बीच करीब चार किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य के लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है। हालांकि, बरसात के कारण निर्माण कार्य फिलहाल रुका हुआ है। ऐसे में सड़क की मौजूदा स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक स्थायी सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो जाता, तब तक कम से कम बड़े-बड़े गड्ढों में औपचारिक रूप से बोल्डर अथवा अन्य उपयुक्त सामग्री डालकर भराव कर दिया जाए। इससे वाहनों के गड्ढों में फंसने की समस्या से कुछ हद तक राहत मिल सकती है और यातायात सुचारु रखा जा सकता है।
लेकिन स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि जर्जर सड़क की इस गंभीर समस्या की ओर जिम्मेदार पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। इसके चलते क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों में यह चर्चा भी जोर पकड़ रही है कि सड़क निर्माण के लिए राशि स्वीकृत होने पर श्रेय लेने और आभार जताने के लिए कई राजनीतिक चेहरे सामने आए थे, लेकिन जब जनता जर्जर सड़क और आवागमन की समस्या से जूझ रही है, तब वही चेहरे नजर नहीं आ रहे हैं।
लाफर घाट की बदहाल सड़क को लेकर क्षेत्रवासियों में अब यह सवाल उठने लगा है कि जब तक नया मार्ग तैयार नहीं हो जाता, तब तक आम जनता को राहत देने के लिए जिम्मेदार विभाग और जनप्रतिनिधि आखिर पहल क्यों नहीं कर रहे हैं?
क्षेत्रवासियों ने संबंधित विभाग से तत्काल गड्ढों की भराई कराने तथा बारिश थमने के बाद सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने की मांग की है।



