तीन दशक कांग्रेस का दबदबा, एक दशक भाजपा का कब्जा…


पिता स्व. चनेश राम राठिया ने लगातार छह बार जीतकर बनाया था रिकॉर्ड, स्व. ओमप्रकाश राठिया ने भाजपा को दिलाई थी लगातार दो जीत, अब लालजीत राठिया की लगातार तीन जीत के सामने भाजपा की बड़ी चुनौती।
धरमजयगढ़। रायगढ़ जिले की धरमजयगढ़ विधानसभा सीट छत्तीसगढ़ की उन चुनिंदा राजनीतिक सीटों में शामिल है, जहां वर्षों से कांग्रेस का मजबूत जनाधार रहा है। इस विधानसभा क्षेत्र को लंबे समय तक कांग्रेस का अभेद्य किला माना जाता रहा है। हालांकि, इस किले में सेंध लगाते हुए भाजपा ने भी एक दशक तक अपना राजनीतिक दबदबा कायम रखा। अब एक बार फिर लगातार तीन विधानसभा चुनाव जीतकर कांग्रेस के विधायक लालजीत सिंह राठिया ने इस क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ साबित की है। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि क्या भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में धरमजयगढ़ की राजनीतिक तस्वीर बदल पाएगी या कांग्रेस का दबदबा बरकरार रहेगा?
धरमजयगढ़ विधानसभा की राजनीति का इतिहास देखें तो यहां अब तक तीन प्रमुख नेताओं का प्रभावशाली राजनीतिक सफर देखने को मिला है। इनमें स्वर्गीय चनेश राम राठिया, स्वर्गीय ओमप्रकाश राठिया और वर्तमान विधायक लालजीत सिंह राठिया के नाम प्रमुखता से सामने आते हैं।
स्व. चनेश राम राठिया@ तीन दशक तक जनता के विश्वास का चेहरा धरमजयगढ़ विधानसभा की राजनीति में स्वर्गीय चनेश राम राठिया का नाम बेहद सम्मान के साथ लिया जाता है। कांग्रेस के कद्दावर आदिवासी नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री चनेश राम राठिया ने लगभग तीन दशकों तक इस विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।
उन्होंने वर्ष 1977 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीतकर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की और इसके बाद 1980 से 1998 तक लगातार पांच चुनाव जीतकर कुल छह बार विधायक निर्वाचित हुए। करीब 30 वर्षों तक क्षेत्र की राजनीति में उनका दबदबा कायम रहा।
अपनी सादगी, सहज स्वभाव और जनता के बीच मजबूत पकड़ के कारण उनकी अलग पहचान थी। हालांकि, वर्ष 2003 के विधानसभा चुनाव में उन्हें भाजपा के ओमप्रकाश राठिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा। यह चुनाव धरमजयगढ़ की राजनीति में एक बड़े बदलाव के रूप में देखा गया।
स्व. ओमप्रकाश राठिया@ भाजपा ने कांग्रेस के अभेद्य किले में लगाई थी सेंध वर्ष 2003 का विधानसभा चुनाव धरमजयगढ़ की राजनीति के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ। भाजपा प्रत्याशी स्वर्गीय ओमप्रकाश राठिया ने कांग्रेस के दिग्गज नेता और तत्कालीन मंत्री स्वर्गीय चनेश राम राठिया को पराजित कर पहली बार भाजपा का परचम लहराया।
यह जीत इसलिए भी महत्वपूर्ण थी, क्योंकि लगभग तीन दशक से कांग्रेस के प्रभाव में रही इस सीट पर भाजपा ने पहली बार अपनी मजबूत राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराई थी।
ओमप्रकाश राठिया ने वर्ष 2003 के बाद 2008 में भी लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। इस तरह वर्ष 2003 से 2013 तक धरमजयगढ़ विधानसभा में भाजपा का राजनीतिक प्रभाव बना रहा। वर्ष 2008 में दोबारा विधायक निर्वाचित होने के बाद उन्हें तत्कालीन डॉ. रमन सिंह सरकार में संसदीय सचिव की जिम्मेदारी भी मिली।
हालांकि, वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के लालजीत सिंह राठिया ने उन्हें पराजित कर भाजपा के इस विजय अभियान पर विराम लगा दिया। इसके बाद वर्ष 2018 में भाजपा ने ओमप्रकाश राठिया की जगह उनकी बहू लीनव राठिया को चुनाव मैदान में उतारा, लेकिन कांग्रेस अपनी जीत बरकरार रखने में सफल रही।
लालजीत सिंह राठिया@ लगातार तीन जीत से मजबूत हुआ कांग्रेस का आधार धरमजयगढ़ विधानसभा की मौजूदा राजनीति में लालजीत सिंह राठिया एक मजबूत राजनीतिक चेहरा बनकर उभरे हैं। राजनीतिक विरासत के साथ जनसंपर्क और क्षेत्रीय सक्रियता के जरिए उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है।
वर्ष 2013 में पहली बार विधानसभा चुनाव जीतने के बाद उन्होंने वर्ष 2018 और फिर 2023 के विधानसभा चुनाव में भी जीत दर्ज की। इस तरह लगातार तीन बार विधायक निर्वाचित होकर उन्होंने धरमजयगढ़ में कांग्रेस के राजनीतिक आधार को मजबूती दी है।
गौरतलब है कि उनके पिता स्वर्गीय चनेश राम राठिया ने जहां करीब तीन दशक तक जनता का विश्वास हासिल किया था, वहीं लालजीत सिंह राठिया अब लगातार तीन चुनाव जीतकर उसी राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।
भाजपा के सामने सबसे बड़ी चुनौती : कैसे वापस हासिल होगा धरमजयगढ़?
धरमजयगढ़ विधानसभा का चुनावी इतिहास बताता है कि यहां राजनीतिक बदलाव असंभव नहीं है। वर्ष 2003 और 2008 में भाजपा ने लगातार जीत दर्ज कर यह साबित किया था कि कांग्रेस के मजबूत गढ़ में भी बदलाव की संभावना हमेशा बनी रहती है।लेकिन वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में भाजपा के सामने चुनौती पहले से अलग है। कांग्रेस के लालजीत सिंह राठिया लगातार तीन चुनाव जीत चुके हैं। ऐसे में भाजपा को केवल प्रत्याशी बदलने या चुनावी रणनीति बनाने से आगे बढ़कर क्षेत्र में मजबूत जनाधार तैयार करना होगा।
अब सवाल यह भी है कि क्या भाजपा वर्ष 2003 और 2008 जैसी बदलाव की लहर दोबारा पैदा कर पाएगी? क्या धरमजयगढ़ की जनता फिर किसी नए राजनीतिक विकल्प को मौका देगी? या फिर लालजीत सिंह राठिया अपनी जीत का सिलसिला आगे बढ़ाकर पिता की तरह लंबे समय तक क्षेत्रीय राजनीति में अपना दबदबा कायम रखेंगे?
धरमजयगढ़ की राजनीति में इन सवालों के जवाब आने वाले समय में ही सामने आएंगे। फिलहाल भाजपा और कांग्रेस दोनों के लिए यह विधानसभा सीट प्रतिष्ठा का विषय बनी हुई है।
आखिर धरमजयगढ़ में भाजपा की वापसी का रास्ता क्या होगा और कांग्रेस के इस मजबूत किले को भेदने के लिए भाजपा के पास कौन-सी रणनीति होगी?



