धरमजयगढ़ अस्थाई टैक्सी स्टैंड बना अवैध सवारी गाड़ियों का अड्डा

धरमजयगढ़। नगर के दशहरा मैदान में इन दिनों बिना वैध टैक्सी परमिट के अस्थायी (प्रशासनिक जगह चयनित नहीं) टैक्सी स्टैंड संचालित होने की शिकायत सामने आ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां प्रतिदिन चारपहिया सवारी वाहन खड़े किए जाते हैं, जिनमें एक-दो को छोड़ अधिकांश वाहन प्राइवेट नंबर प्लेट वाले होते हैं। बताया जा रहा है कि ड्राइवरों का सवारियों के प्रति बर्ताव सही नहीं है, सवारियों से मनमाना किराया वसूलकर उन्हें विभिन्न गंतव्यों तक लाने-ले जाने का कार्य कर रहे हैं।
नगरवासियों का कहना है कि दशहरा मैदान के पास मुख्य मार्ग से सटा हुआ सूत्रों की माने तो यह अस्थायी टैक्सी स्टैंड शाम ढलते ही शराबियों का अड्डा बन जाता है। वहीं पास में फास्ट फूड की दुकानें भी संचालित हैं, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग अपने परिवारों के साथ फास्ट फूड खाने आते हैं। ऐसे में महिला-पुरुष और बच्चों को शाम के समय असहजता और असुरक्षा का माहौल महसूस होता है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक कई बार यहां खड़े वाहनों और चालकों की गतिविधियों को लेकर भी सवाल उठे हैं, लेकिन अब तक नियमित जांच नहीं होने से स्थिति जस की तस बनी हुई है। नगरवासियों का कहना है कि सुरक्षा की दृष्टि से जिम्मेदार विभागों को समय-समय पर दशहरा मैदान स्थित इस अस्थायी टैक्सी स्टैंड में खड़े वाहनों और ड्राइवरों की जांच करनी चाहिए।
लोगों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि बिना परमिट संचालित वाहनों पर कार्यवाही की जाए तथा अवैध रूप से चल रहे टैक्सी स्टैंड को व्यवस्थित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा या असुरक्षा का सामना न करना पड़े।



