बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हाईवे पर डीजल चोरी और लूटपाट करने वाला गिरोह गिरफ्तार

बिलासपुर। हाईवे किनारे खड़े ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी व लूटपाट की लगातार बढ़ रही घटनाओं पर बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन, धारदार चाकू, 74 लीटर डीजल और नकदी रकम बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम बगडबरी निवासी संजय कुमार कुर्रे (30), मणीशंकर कुर्रे (24) और अमित भारद्वाज (29) के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से हाईवे किनारे खड़े ट्रकों और ट्रेलरों को निशाना बनाकर डीजल चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

जानकारी के मुताबिक 18 मई 2026 को सिरगिट्टी क्षेत्र में बेवरेज कॉर्पोरेशन के सामने खड़े एक वाहन से आरोपी डीजल चोरी कर रहे थे। चालक द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की थी। इसके बाद 24 मई को कोनी थाना क्षेत्र में ट्रेलर क्रमांक CG 10 BL 8136 की डीजल टंकी तोड़कर करीब 100 लीटर डीजल चोरी कर फरार हो गए थे।
जांच के दौरान 28 मार्च 2026 को ग्राम सेंदरी के पास नेशनल हाईवे किनारे खड़े ट्रेलर से लगभग 270 लीटर डीजल चोरी का मामला भी सामने आया। लगातार हो रही घटनाओं के बाद पुलिस ने अलग-अलग थानों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसीसीयू और सिरगिट्टी पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और पुराने मामलों का विश्लेषण कर कई स्थानों पर दबिश दी। जांच में मिले अहम सुरागों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर रात के समय हाईवे किनारे खड़े ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों ने बेमेतरा, बलौदाबाजार, कवर्धा, महासमुंद, रायगढ़, कोरबा, सकरी बायपास, सरगांव, जांजगीर और कोनी क्षेत्र में भी कई वारदातें करना कबूल किया है।
पुलिस ने आरोपी अमित भारद्वाज के कब्जे से रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन और 600 रुपये नगद, संजय कुर्रे के पास से स्कॉर्पियो वाहन, धारदार चाकू और 800 रुपये नगद तथा मणीशंकर कुर्रे के कब्जे से 1200 रुपये नगद बरामद किए हैं। इसके अलावा कुल 74 लीटर डीजल भी जब्त किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया गया है।
पुलिस ने कहा कि जिले में हाईवे अपराधों पर नियंत्रण के लिए निगरानी बढ़ाई जा रही है और ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद ट्रांसपोर्टरों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है।



