जंगल में चल रही थी जुए की महफिल, छाल पुलिस की दबिश में तीन आरोपी गिरफ्तार


63,200 रुपये नगद, ताश की 52 पत्तियां और प्लास्टिक की बोरी जब्त
छाल :- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के छाल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़े जामपाली में जंगल रोड के किनारे चल रहे जुए के फड़ पर पुलिस ने छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 63,200 रुपये नगद, ताश की 52 पत्तियां और एक प्लास्टिक की बोरी जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, छाल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बड़े जामपाली के जंगल रोड किनारे सार्वजनिक स्थान पर कुछ लोग ताश के पत्तों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और गवाह मनमोहन सिंह तथा मुकेश यादव को नोटिस देकर साथ लिया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की और जुआ खेल रहे तीन लोगों को पकड़ लिया।
कोरबा और जशपुर जिले के निवासी हैं आरोपी
पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें दीपक पाठक (41 वर्ष), पिता स्वर्गीय राधेश्याम पाठक, निवासी बगीचा वार्ड क्रमांक-1, जिला जशपुर; राजबहादुर पाटले (33 वर्ष), पिता बलिराम पाटले, निवासी गोढ़ी, थाना रामपुर, जिला कोरबा; तथा अवधेश सिंह राजपूत (50 वर्ष), पिता स्वर्गीय छोटेलाल राजपूत, निवासी कुकरीचोली, थाना उरगा, जिला कोरबा शामिल हैं।
63,200 रुपये नगद और ताश की गड्डी जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 63,200 रुपये नगद, ताश की 52 पत्तियां और बैठने के लिए इस्तेमाल की जा रही एक प्लास्टिक की बोरी जब्त की। जब्ती की कार्रवाई गवाहों की मौजूदगी में की गई। पुलिस के अनुसार, कानूनी प्रक्रिया के तहत धारा 105 बीएनएस के प्रावधानों के अंतर्गत जब्ती की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई।
मामला दर्ज, जमानत पर रिहा किए गए आरोपी
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम, 2022 की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद जमानत मुचलका प्रस्तुत करने पर नियमानुसार रिहा कर दिया गया।
छाल पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध जुआ गतिविधियों में संलिप्त लोगों के बीच हलचल मच गई है। पुलिस ने अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।



