---Advertisement---

राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन, लेकिन व्यवस्थाओं ने छोड़े कई सवाल

---Advertisement---

बिरसा मुंडा चौक नहीं पहुंचे मुख्यमंत्री, 40 पहाड़ी कोरवा को नहीं मिला प्रवेश, भोजन और कलाकारों की व्यवस्था पर भी उठे सवाल

धरमजयगढ़। 15 नवंबर को धरमजयगढ़ में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई बड़े नेताओं की मौजूदगी में हजारों की संख्या में जनजातीय समाज के लोग शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को नमन करते हुए उनके संघर्ष, बलिदान और जनजातीय अस्मिता की रक्षा में दिए गए योगदान को याद किया।

एक ओर यह आयोजन जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को सम्मान देने का बड़ा अवसर बना, वहीं दूसरी ओर व्यवस्थाओं में सामने आई कई खामियों ने जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए।

बिरसा मुंडा चौक तक क्यों नहीं पहुंचे मुख्यमंत्री?

जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन के बीच भगवान बिरसा मुंडा चौक तक मुख्यमंत्री के नहीं पहुंचने का मुद्दा चर्चा में रहा। आदिवासी समाज के कुछ लोगों ने इस पर नाराजगी जाहिर करते हुए सवाल उठाए। उनका कहना था कि हेलीपैड स्थल से महज 50 मीटर की दूरी पर भगवान बिरसा मुंडा का चौक स्थित था, लेकिन मुख्यमंत्री वहां तक नहीं पहुंचे।

लोगों का मानना है कि स्थानीय जनप्रतिनिधि और आयोजन से जुड़े जिम्मेदार इस स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करने की व्यवस्था कार्यक्रम की रूपरेखा में शामिल कर सकते थे। जब प्रदेश भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी पैदल चलकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकती हैं, तो मुख्यमंत्री के लिए भी भगवान बिरसा मुंडा चौक तक पहुंचने की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? जनजातीय गौरव दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर इस पहल के नहीं होने से समाज के कुछ लोगों में निराशा देखी गई।

40 पहाड़ी कोरवा कार्यक्रम से रहे वंचित

जशपुर जिले से राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले लगभग 40 पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों को विशेष रूप से कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लाया गया था, लेकिन आरोप है कि
आयोजन समिति द्वारा उनके आगमन की समुचित जानकारी सुरक्षा अधिकारियों तक नहीं पहुंचाई गई और न ही उनके प्रवेश के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई परिणामस्वरूप, दूर-दराज से पहुंचे ये विशेष अतिथि कार्यक्रम स्थल के बाहर ही रह गए। जनजातीय समाज के सम्मान के लिए आयोजित समारोह में विशेष अतिथियों का शामिल नहीं हो पाना आयोजन प्रबंधन की बड़ी चूक मानी जा रही है।

नितिन नवीन के नहीं आने की खबर के बाद खाली होने लगा पंडाल

कार्यक्रम के दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगमन को लेकर भी लोगों में उत्सुकता थी। लेकिन जब मंच से जानकारी दी गई कि कोहरे के कारण उनका विमान रायगढ़ में नहीं उतर सका, तो इसके कुछ ही देर बाद कार्यक्रम स्थल से लोगों की भीड़ धीरे-धीरे कम होने लगा जबकि उस समय मुख्यमंत्री का संबोधन जारी था, लेकिन बड़ी संख्या में लोगों का पंडाल छोड़ना भी चर्चा का विषय बना रहा।

लगभग 26 से 28 हजार लोगों की मौजूदगी, फिर भी कई लोगों को नहीं मिला भोजन का पैकेट

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो में ग्रामीण भोजन पैकेट नहीं मिलने की बात कहते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि पैकेट में चार पूड़ी, सब्जी और थोड़ी मात्रा में चावल रखा गया था। जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ के राठिया भवन में रातभर भोजन तैयार करने और पैकेटिंग का काम चला। सुबह करीब 7 बजे तक भोजन के पैकेट संबंधित स्टॉलों तक पहुंचाए गए।

हालांकि, रात में तैयार किए गए भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठे। बताया गया कि सुबह पैक किए गए भोजन की गुणवत्ता अपेक्षाकृत ठीक थी, जबकि पहले तैयार किए गए कुछ पैकेटों को लेकर शिकायतें सामने आईं। इसके अलावा, अलग-अलग सेक्टरों में निर्धारित संख्या से कम भोजन पैकेट पहुंचने की बात भी चर्चा में रही। इतनी बड़ी व्यवस्था के बावजूद सभी लोगों तक भोजन नहीं पहुंच पाना प्रबंधन की तैयारियों पर सवाल खड़ा करता है।

कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियां, लेकिन व्यवस्थाओं ने बढ़ाई परेशानी

समारोह में शामिल विभिन्न जनजातीय नृत्य दलों की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कलाकारों ने एक से बढ़कर एक पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। जनजातीय संस्कृति, परंपरा और लोककला की झलक ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। करोड़ों रुपये के विशाल पंडाल और डोम की व्यवस्था के बावजूद कलाकारों को खुले आसमान के नीचे बैठना, पर्याप्त सुविधा नहीं मिलना चर्चा का विषय बना रहा।

आयोजन ऐतिहासिक, लेकिन व्यवस्थाओं की समीक्षा जरूरी

निस्संदेह, धरमजयगढ़ में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इससे जनजातीय संस्कृति, परंपरा और विरासत को प्रदेश स्तर पर पहचान मिली। लेकिन किसी आयोजन की सफलता केवल भव्य मंच और हजारों की भीड़ से तय नहीं होती, बल्कि आम लोगों, विशेष अतिथियों और कलाकारों को मिलने वाली सुविधाएं भी महत्वपूर्ण होती हैं।

ऐसे में भगवान बिरसा मुंडा चौक तक मुख्यमंत्री का नहीं पहुंचना, पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों को प्रवेश नहीं मिलना, भोजन पैकेट की कमी और कलाकारों की सुविधाओं से जुड़े सवालों पर जिम्मेदारों को जवाब देना चाहिए। जनजातीय गौरव और सम्मान के नाम पर आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह की उपलब्धियों के साथ-साथ सामने आई कमियों की समीक्षा भी जरूरी है, ताकि भविष्य में ऐसे बड़े आयोजनों में व्यवस्थागत खामियां दोबारा देखने को न मिलें।

कार्यक्रम के समापन पर चला स्वच्छता अभियान, वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहित नेताओं ने उठाया कचरा

जनजातीय गौरव दिवस समारोह की समाप्ति के बाद स्वच्छता का संदेश देते हुए छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्वच्छता का संकल्प लिया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर जमीन में बिखरे पानी के पाउच, खाली बोतलें और केले के छिलके उठाकर सफाई अभियान चलाते नजर आए। नेताओं ने अपने कार्यों के माध्यम से स्वच्छता और साफ-सफाई के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment

error: Content is protected !!