जंगल में दो दिन से खड़ा था लकड़ी लदा वाहन, निकलते समय फंसा तो खुला मामला

महुआ और आम की लकड़ी से भरा टाटा छह चक्का वाहन CG04 NR 8958 जब्त, मौके से लोग फरार
धरमजयगढ़। धरमजयगढ़ वनमंडल के छाल रेंज अंतर्गत बनहर सर्किल में वन विभाग ने शुक्रवार की रात जंगल से लकड़ी परिवहन के दौरान एक टाटा कंपनी के छह चक्का वाहन CG04 NR 8958 को जब्त किया है। वाहन में महुआ और आम की लकड़ी लदी हुई थी। वन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही वाहन में मौजूद लोग वाहन छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, बनहर और औरानारा के बीच जंगल में उक्त लकड़ी लदा वाहन पिछले दो दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ा था। वाहन की गतिविधियों को लेकर वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा गुप्त रूप से निगरानी की जा रही थी। विभागीय निगरानी के बावजूद शुक्रवार रात वाहन जंगल से मुख्य मार्ग की ओर निकलने का प्रयास कर रहा था।
बताया जा रहा है कि जंगल से बाहर निकलने के दौरान वाहन रास्ते में ही फंस गया। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिलने पर छाल वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वन विभाग की टीम पहुंचने से पहले वाहन में मौजूद लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए।
विजय नामक व्यक्ति की भूमिका की चर्चा
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, उक्त लकड़ी के परिवहन के पीछे विजय नामक व्यक्ति की भूमिका होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी वन विभाग की जांच के बाद ही हो सकेगी। विभाग द्वारा मामले से जुड़े लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
वाहन मालिक की तलाश में जुटा विभाग
वन विभाग ने लकड़ी समेत वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अब विभाग वाहन मालिक के साथ ही जंगल से लकड़ी काटने, उसे वाहन में लोड करने और परिवहन कराने वाले लोगों की तलाश कर रहा है।
फिलहाल वन विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि लकड़ी कहां से लाई गई थी और इसे कहां ले जाया जा रहा था। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि लकड़ी के परिवहन में किन-किन लोगों की संलिप्तता थी और उनके खिलाफ वन अधिनियम के तहत क्या कार्यवाही की जाएगी।



