जामपाली खदान का उच्चस्तरीय निरीक्षण, सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने के निर्देश

रायगढ़। केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन खान सुरक्षा महानिदेशालय (DGMS) रायगढ़ क्षेत्र के उप निदेशक खान एवं सुरक्षा श्री श्रीनिवास चिर्रा ने बुधवार को जामपाली ओपन कास्ट माइंस (ओसीएम) का विस्तृत निरीक्षण किया। उनके आगमन पर जामपाली खदान के प्रबंधक प्रेमचंद मेहरा ने शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर रायगढ़ क्षेत्रीय सुरक्षा एवं बचाव अधिकारी एन.बी. रमन्ना राव, जामपाली के खान प्रबंधक पी.सी. मेहरा, खान सुरक्षा अधिकारी कमला कान्त नायक, बिजारी ओसीएम के प्रबंधक एन. मल्लेश, बरौद ओसीएम के प्रबंधक विनय कुमार नायक, खान अभियंता ब्रजेश कान्त, कामगार निरीक्षक मुकेश कुमार मंडल, वरिष्ठ सर्वेक्षक राजकुमार मिश्रा, शक्ति दुबे, तथा सुरक्षा सह उत्पादन सहायक रविकांत मनहर सहित विभिन्न खदानों के अधिकारी एवं प्रभारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण की शुरुआत सभागार में आयोजित बैठक से हुई, जहां उप निदेशक श्री चिर्रा ने अधिकारियों के साथ खदान की सुरक्षा व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
इसके बाद उन्होंने जामपाली खुली खदान में ओवरबर्डन हटाने, कोयला उत्पादन फेस, पम्प हाउस, सड़कों, डम्पिंग क्षेत्रों सहित विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
उप निदेशक ने विशेष रूप से मशीनों एवं भारी वाहनों की नियमित जांच, खराब उपकरणों को तत्काल बदलने, ऑपरेटरों को समय-समय पर प्रशिक्षण देने तथा आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि सुरक्षित कार्य वातावरण ही उत्पादन की निरंतरता और श्रमिकों की सुरक्षा का आधार है, इसलिए सभी संबंधित अधिकारी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।



