छाल में अवैध लकड़ी तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, ट्रक जब्त, चालक-हेल्पर फरार

छाल क्षेत्र में बीती रात अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्यवाही करते हुए एक संदिग्ध ट्रक को पकड़कर भारी मात्रा में अवैध लकड़ी जब्त की। राजस्व विभाग, वन विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्यवाही देर रात करीब 10 बजे की, जिससे क्षेत्र में सक्रिय लकड़ी तस्करों में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, धरमजयगढ़ से खरसिया की ओर जा रहे ट्रक क्रमांक CG 04 JD 9313 को छाल तहसीलदार लोमेश मिरी, छाल रेंजर राजेश चौहान और छाल पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर रोका। जांच के दौरान ट्रक में महानीम, नीलगिरी और सागौन की भारी मात्रा में लकड़ियां अवैध रूप से परिवहन करते हुए पाई गईं।

कार्यवाही के दौरान अधिकारियों को देखते ही ट्रक चालक और हेल्पर वाहन की चाबी लेकर मौके से फरार हो गए। इसके बाद टीम ने ट्रक को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया। वन विभाग ने Forest Conservation Act, 1980 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में ट्रक की नंबर प्लेट भी संदिग्ध और फर्जी प्रतीत हो रही है। प्रशासन अब ट्रक मालिक और फरार आरोपियों की तलाश में जुट गया है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध वन संपदा के परिवहन और तस्करी के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी।



