Latest News

धरमजयगढ़ से कांग्रेस ने भरा चुनावी हुंकार, चरणदास महंत ने कार्यकर्ताओं में फूंका जोश

छाल :- छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनावों की आहट के साथ ही प्रदेश की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस पूरी तरह चुनावी मोड में नजर आने लगी है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने के उद्देश्य से नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत का धरमजयगढ़ विधानसभा क्षेत्र का दौरा राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

हालांकि कार्यक्रम को औपचारिक भेंट-मुलाकात का नाम दिया गया, लेकिन बंद कमरे में हुई बैठक और नेताओं की मौजूदगी ने साफ संकेत दे दिया कि कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति दे दी है। राजनीतिक जानकार इसे कार्यकर्ताओं को चुनावी मैदान के लिए “बूस्टर डोज” देने की रणनीतिक कवायद मान रहे हैं।

दिग्गजों का जमावड़ा,

चुनावी रणनीति पर मंथननेता प्रतिपक्ष के आगमन की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ सहित पूरे रायगढ़ जिले से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में जमीनी कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया। संवाद कार्यक्रम के दौरान संगठन की मजबूती, जनसंपर्क अभियान और सरकार के खिलाफ मुद्दों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक का मुख्य फोकस आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करना और संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करना रहा।

बैठक में डॉ. महंत ने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करते हुए उन्हें जनता के बीच अधिक सक्रिय रहने, सरकार की नीतियों और कथित विफलताओं को प्रमुखता से उठाने तथा कांग्रेस की विचारधारा और योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का संदेश दिया।

मंच पर दिखी संगठन की ताकत

कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रितुराज सिंह ठाकुर, शिव कुमार शर्मा, गौरीशंकर राठिया, मंडल अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता रामप्रसाद, रामदयाल राठिया, संतोष प्रधान, कीर्ति राठिया, जिला पंचायत सदस्य दुष्यंत राठिया, यूसुफ, छाया, सोमदेव मिश्रा, सुरेंद्र गुप्ता सहित जिला, शहर, नगर एवं ब्लॉक कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और ग्रामीण स्तर के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

अब आराम नहीं, जनता के बीच जाने का समय’

सूत्रों के अनुसार डॉ. महंत ने कार्यकर्ताओं से स्पष्ट कहा कि अब संगठन को पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा। जनता के बीच लगातार पहुंचकर उनकी समस्याओं को उठाना, सरकार को मुद्दों पर घेरना और कांग्रेस की नीतियों को प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाना ही आगामी चुनाव की सफलता की कुंजी होगी।

सियासी संदेश साफ

राजनीतिक गलियारों में इस दौरे को महज एक शिष्टाचार मुलाकात नहीं, बल्कि धरमजयगढ़ विधानसभा में कांग्रेस के संगठन को और मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की सुस्ती दूर करने तथा चुनावी माहौल बनाने की बड़ी रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। महंत का यह दौरा आने वाले विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस की सक्रियता और संगठनात्मक तैयारियों का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।

Niraj Biswas

नीरज विश्वास, सीजी चौपाल न्यूज़ . पता - रायगढ़ , छत्तीसगढ़ मो . 8818972003

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!