
जनजातीय गौरव दिवस में पहाड़ी कोरवाओं का अपमान? तीर-धनुष लेकर पहुंचे लोगों को प्रवेश से रोका
जशपुर से सम्मानपूर्वक बुलाया, लेकिन कार्यक्रम स्थल के बाहर ही छोड़ दिया गया, बिना तीर-कमान कार्यक्रम में शामिल होने से पहाड़ी कोरवा समुदाय ने किया इनकार
धरमजयगढ़। जनजातीय गौरव दिवस के आयोजन में उस समय एक ऐसी स्थिति सामने आई, जिसने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और जनजातीय समुदाय के सम्मान को लेकर सवाल खड़े कर दिए। जशपुर जिले से पहाड़ी कोरवा विशेष पिछड़ी जनजाति के लोगों को तीर-धनुष के साथ बस में बैठाकर धरमजयगढ़ समारोह में शामिल होने के लिए लाया गया था। लेकिन कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद सुरक्षा गार्डों ने उन्हें तीर-धनुष के साथ अंदर जाने से रोक दिया।

बताया जा रहा है कि समुदाय के लोगों को कार्यक्रम में शामिल कराने के लिए जशपुर से लाया गया था, लेकिन प्रवेश के दौरान उन्हें रोक दिया गया। इस बीच उन्हें लेकर आए जिम्मेदार लोग कार्यक्रम स्थल के भीतर चले गए और पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोग बाहर ही खड़े रह गए। जिस समुदाय के सम्मान और गौरव के नाम पर आयोजन किया जा रहा था, उसी समुदाय के लोगों को प्रवेश नहीं मिल पाने की स्थिति ने कई सवाल खड़े कर दिए।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों को तीर-धनुष के साथ आमंत्रित कर जशपुर से धरमजयगढ़ लाया गया था, तो फिर कार्यक्रम स्थल पर उनके पारंपरिक हथियारों के साथ प्रवेश की अनुमति क्यों नहीं दी गई? क्या आयोजन से पहले सुरक्षा व्यवस्था और प्रवेश संबंधी नियमों को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई थी?
पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों ने भी अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए साफ कहा कि वे तीर-धनुष के बिना कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे। उनके लिए तीर-धनुष केवल पारंपरिक हथियार नहीं, बल्कि उनकी सांस्कृतिक पहचान और परंपरा का प्रतीक है।
करोड़ों रुपये खर्च कर आयोजित किए जा रहे जनजातीय गौरव दिवस समारोह का उद्देश्य आखिर किसके सम्मान और गौरव को प्रदर्शित करना है? जब जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को मंच से सम्मान देने की बात हो रही है, तो उसी परंपरा के प्रतीक तीर-धनुष के साथ पहुंचे पहाड़ी कोरवा समुदाय को प्रवेश से रोकने की स्थिति क्यों बनी?
अब सवाल आयोजन समिति और प्रशासन से है कि जशपुर से बुलाए गए पहाड़ी कोरवा समुदाय के लोगों को कार्यक्रम में सम्मानपूर्वक शामिल कराने की व्यवस्था क्यों नहीं की गई? जनजातीय गौरव दिवस के इस घटनाक्रम ने आयोजन की व्यवस्थाओं और जनजातीय समुदाय के सम्मान को लेकर नई बहस छेड़ दी है।








