---Advertisement---

जनजातीय गौरव दिवस की व्यवस्था पर सवाल, प्रवेश के इंतजार में लौटे लोग तो खाली रहीं कुर्सियां

---Advertisement---

मुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान खाली कुर्सियां बनी चर्चा का विषय, प्रवेश व्यवस्था पर उठे सवाल

कार्यक्रम की शुरुआत में आम लोगों को अंदर प्रवेश नहीं मिलने से हुई परेशानी, बाद में खाली कुर्सियों पर लोगों को बैठाने की कोशिश की चर्चा

धरमजयगढ़। जनजातीय गौरव दिवस समारोह के दौरान कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठने लगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संबोधन के समय जहां कार्यक्रम स्थल पर कई कुर्सियां खाली नजर आने की बात सामने आई, वहीं इससे पहले कार्यक्रम देखने पहुंचे आम लोगों को प्रवेश नहीं मिल पाने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार्यक्रम की शुरुआत में कई आम लोग अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं मिलने के कारण बाहर ही रह गए। कुछ लोग तेज धूप में खड़े होकर तो कुछ जमीन पर बैठकर कार्यक्रम देखने का इंतजार करते रहे। काफी देर तक प्रवेश नहीं मिलने के बाद कई लोग निराश होकर अपने घरों की ओर लौटने लगे।

इसी बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का उद्बोधन शुरू हुआ। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर खाली पड़ी कुर्सियों को लेकर लोगों के बीच चर्चा होने लगी। बताया जा रहा है कि बाहर जा रहे कुछ लोगों को वापस बुलाकर खाली कुर्सियों पर बैठाने का प्रयास भी किया गया, हालांकि कई लोग घर लौटना ही उचित समझते नजर आए।

इस पूरे घटनाक्रम ने आयोजन की प्रवेश व्यवस्था और आम जनता की सहभागिता को लेकर सवाल खड़े किए हैं। जब कार्यक्रम में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना महत्वपूर्ण था, तो शुरुआत में उन्हें प्रवेश से वंचित क्यों रहना पड़ा? वहीं, बाद में खाली कुर्सियां नजर आने की स्थिति कैसे बनी?

जनजातीय गौरव दिवस आदिवासी समाज की परंपरा, संस्कृति और गौरव से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। ऐसे में आयोजन की व्यवस्थाओं में आम जनता की सुविधा और सम्मान को प्राथमिकता दिए जाने की अपेक्षा रहती है।

Join WhatsApp

Join Now
---Advertisement---

Leave a Comment

error: Content is protected !!