खदान में सुरक्षा व्यवस्था पर कार्यशाला आयोजित

उत्पादन जरूरी किन्तु सुरक्षा सर्वोपरि – परिमल
रायगढ़ । जामपाली खुली खदान के सभागार कक्ष में शुक्रवार को खान सुरक्षा जागरूकता को लेकर क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी सह महाप्रबंधक खनन श्री परिमल मावावाला के नेतृत्व में खदान में सुरक्षा व्यवस्था पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जामपाली ओसीएम के उपक्षेत्रीय प्रबन्धक सह महाप्रबंधक खनन सुनील प्रसाद ने किया। कार्यशाला में रायगढ़ क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी सह महाप्रबंधक खनन परिमल मावावाला, जामपाली ओसीएम के उपक्षेत्रीय प्रबन्धक सुनील प्रसाद खान प्रबन्धक प्रेमचंद मेहरा, खान सुरक्षा अधिकारी के के नायक, उत्पादन अधिकारी खिलानन्द कोमरे, प्रबन्धक मानव संसाधन शिवाचरण जांगड़े,अभियंता विद्युत व यांत्रिक बालाजी गुप्ता, सर्वे अधिकारी एम पी सिंह, कामगार निरीक्षक खनन सह सिक्युरिटी इंचार्ज मुकेश कुमार मंडल सहित अन्य अधिकारी व ओ वी एवं कोयला संचालन करने वाले कम्पनी के प्रतिनिधिगण शामिल रहे। कार्यशाला को संबोधित करते हुए जीएम खनन सह क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी परिमल मावावाला ने सर्वप्रथम चिरीमिरी, अमलई, गेवरा, दीपका एवं रायगढ़ के छाल ओसीएम के खदानों में हुई दुर्घटनाओं के सन्दर्भ में विस्तृत जानकारी देते हुए खदान में सुरक्षा के प्रति जागरूक रहकर सावधानी के साथ कार्य निष्पादन करने हेतु सचेत किया। श्री परिमल ने कहा पानी को लेकर विशेष सावधानी बरतें, बारिश के समय भी गर्जना एवं लाइटनिंग से सावधान रहना है, ब्लास्टिंग के समय अत्यंत सतर्कता के साथ कार्य करना है, खान में टीपर संचालन एसओपी के अनुसार होना चाहिए। उन्होंने कहा प्रत्येक आपरेटर की स्पेशल ट्रेनिंग आवश्यक रूप से सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम में सुरक्षा के समस्त पहलुओं पर चर्चा किया गया एवं टीम वर्क के साथ सुरक्षा को सर्वश्रेष्ठ मानक के रूप में अपनाने का आह्वान किया गया।



