डीजीएमएस निदेशक विधुत ने जामपाली खदान का किया निरीक्षण

सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने का निर्देश
सरकार की चार श्रम संहिताओं के संदर्भ में किया जागरूक
रायगढ़ । भारत सरकार के केन्द्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय अधीनस्थ खान सुरक्षा महानिदेशालय वेस्टर्न जोन नागपुर के निदेशक खान एवं सुरक्षा विधुत आनंद अग्रवाल ने सोमवार की शाम को एसईसीएल की रायगढ़ क्षेत्र जामपाली खुली खदान का निरीक्षण किया, साथ में डीजीएमएस वेस्टर्न जोन के उपनिदेशक खान एवं सुरक्षा विधुत महिपाल सिंह राठौर भी शामिल रहे।
जामपाली ओसीएम खान निरीक्षण में डीजीएमएस निदेशक खान व सुरक्षा आनंद अग्रवाल के साथ डीडीएमएस महिपाल सिंह राठौर, जामपाली ओसीएम के उपक्षेत्रीय प्रबन्धक सह महाप्रबंधक खनन सुनील प्रसाद, रायगढ़ क्षेत्र के स्टाफ आफिसर विधुत एवं यांत्रिक महेंद्र पात्रों, जामपाली के खान प्रबन्धक प्रेमचंद मेहरा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

खान निरीक्षण के दौरान निदेशक खान सुरक्षा ने उपस्थित अधिकारियों को खदान में विधुतीय सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने हेतु उचित दिशा निर्देश दिया। निरीक्षण के उपरांत डीजीएमएस निदेशक आनंद अग्रवाल के उपस्थिति में देर शाम जामपाली ओसीएम के सभागार कक्ष में केन्द्र सरकार द्वारा लागू किए गये चार श्रम संहिताओं जिसमें मजदूरी संहिता 2019, सामाजिक सुरक्षा संहिता, औधोगिक सम्बन्ध संहिता एवं व्यवसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य और कार्य दशाएं संहिता 2020 के संदर्भ में विभागीय एवं ठेका कामगारों और महिला कामगारों को जागरूक किया गया।
डीजीएमएस वेस्टर्न जोन निदेशक खान एवं सुरक्षा आनन्द अग्रवाल एवं उपनिदेशक महिपाल सिंह राठौर ने बारी बारी से उक्त श्रम संहिताओं में मजदूरों के लाभ एवं अधिकारों के संदर्भ में विस्तृत वक्तव्य रखकर मजदूरों को जागरूक किया।



