रायगढ़ में ममता की मार्मिक तस्वीर: मृत बच्चे को सीने से लगाए घंटों भटकती रही लंगूर मां, झुंड ने भी जताया ‘शोक’
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक बेहद भावुक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक लंगूर मां अपने मृत बच्चे के शव को सीने से लगाए घंटों तक इधर-उधर भटकती रही। इस दृश्य को देखकर राहगीर भी भावुक हो गए और कई लोगों ने इसका वीडियो बना लिया।
घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है। फॉरेस्ट ऑफिस के पास स्थित सरकारी पोल्ट्री फार्म की दीवार पर यह दृश्य देखने को मिला। लंगूर मां अपने मृत बच्चे को गोद में लिए कभी दीवार पर बैठती तो कभी उसे सीने से लगाकर इधर-उधर चलने लगती। लंबे समय तक वह अपने बच्चे को छोड़ने को तैयार नहीं थी।
इस दौरान वहां बड़ी संख्या में लंगूरों का झुंड भी मौजूद था। सभी लंगूर शांत होकर दीवार पर बैठे रहे और एक-दूसरे को निहारते दिखे। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह झुंड अपने साथी की मौत पर शोक जता रहा था।
मृत लंगूर के बच्चे की मौत कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है, हालांकि आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत करंट लगने से हुई होगी।
इस मामले में रेंजर संजय लकड़ा ने बताया कि शाम को घटना की जानकारी नहीं मिल पाई थी। सूचना मिलने के बाद स्टाफ द्वारा लंगूर की तलाश की गई, लेकिन रात होने के कारण वह नहीं मिल सका। फिलहाल आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश जारी है।
वहीं, रिटायर्ड एसडीओ एसके गुप्ता का कहना है कि बंदरों में पारिवारिक लगाव काफी गहरा होता है। किसी सदस्य की मौत होने पर वे अन्य जानवरों की तुलना में अधिक सामाजिक व्यवहार दिखाते हैं। कई बार वे मृत शरीर को लंबे समय तक अपने साथ रखते हैं और उसे आसानी से अलग नहीं होने देते।
यह घटना एक बार फिर यह दर्शाती है कि जानवरों में भी भावनाएं और रिश्तों की गहराई होती है, जिसे समझना और महसूस करना इंसानों के लिए भी जरूरी है।



