वन विभाग की लापरवाही से कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
धरमजयगढ़। वन मंडल धरमजयगढ़ अंतर्गत कूप कटिंग एवं माइंस क्षेत्र में विस्तार को लेकर इन दिनों पेड़ों की कटाई की जा रही है। लेकिन कटाई के बाद लकड़ियों को सुरक्षित तरीके से डिपो तक पहुंचाने में विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आ रही है, जो किसी भी समय बड़े हादसे को न्योता दे सकती है।

मिली जानकारी के अनुसार, लकड़ियों को खुले ट्रेलर वाहनों में बिना उचित सुरक्षा इंतजाम के ढोया जा रहा है। इसका ताजा उदाहरण उस समय देखने को मिला जब एक भारी लकड़ी का गोला छाल से तरकेला मार्ग के बीच सड़क किनारे वाहन से गिर गया। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार इस तरह की लापरवाही देखी जा रही है, जिससे आमजन की सुरक्षा पर खतरा बना हुआ है। खुले ट्रेलर में बिना बांधे लकड़ी ले जाना न सिर्फ नियमों का उल्लंघन है, बल्कि यह राहगीरों और अन्य वाहन चालकों के लिए भी बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।

इस संबंध में जब धरमजयगढ़ उत्पादन इकाई शाखा के रेंजर जॉन तिग्गा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनसे बात नहीं हो सकी। संभवतः वे किसी कार्य में व्यस्त थे।
अब देखना यह होगा कि विभाग इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कदम उठाता है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।



