धरमजयगढ़ में युवा जनसेवा संगठन ने राहगीरों को बांटा पानी व शरबत

धरमजयगढ़। भीषण गर्मी और तेज धूप को देखते हुए रविवार साप्ताहिक बाजार के दिन युवा जनसेवा संगठन धरमजयगढ़ द्वारा सेवा कार्य करते हुए दूर-दराज से खरीदारी करने पहुंचे ग्रामीणों एवं राहगीरों को ठंडा पानी और शरबत वितरित किया गया।

संगठन के सदस्यों ने बाजार क्षेत्र थाना के सामने में स्टॉल लगाकर लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाने का प्रयास किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों, बुजुर्गों एवं राहगीरों ने शरबत और पानी ग्रहण कर संगठन की इस पहल की सराहना की।
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए मानव सेवा के उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उनका कहना था कि जरूरतमंद लोगों की सेवा करना ही संगठन का मुख्य उद्देश्य है और आगे भी इस प्रकार के जनहित कार्य लगातार किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम में संगठन के कई सदस्य उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर लोगों को पानी एवं शरबत वितरण कर सेवा भावना का परिचय दिया।



