सर्पदंश मुआवजा दिलाने के नाम पर ₹50 हजार का हस्ताक्षरित चेक मांगने वाला कलेक्ट्रेट का बाबू एसीबी के हत्थे चढ़ा

रायगढ़ :- रायगढ़ कलेक्ट्रेट कार्यालय के राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ बाबू राजकुमार सिदार को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) बिलासपुर ने सोमवार को रिश्वत के एवज में ₹50,000 का हस्ताक्षरित चेक लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

शिकायतकर्ता विजय सिदार (ग्राम बुलाकी, तहसील पुसौर) ने एसीबी को बताया कि वर्ष 2023 में उनकी पत्नी की सर्पदंश से मृत्यु हो गई थी। शासन से मिलने वाली मुआवजा राशि के लिए आवेदन करने के बाद प्रकरण कलेक्ट्रेट में लंबित था। आरोप है कि बाबू राजकुमार सिदार मुआवजा राशि बैंक खाते में जारी कराने के बदले ₹50,000 रिश्वत मांग रहा था और भुगतान होने तक गारंटी के रूप में ₹50,000 का हस्ताक्षरित चेक देने का दबाव बना रहा था।
शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने 28 जुलाई 2026 को ट्रैप कार्रवाई की। आरोपी बाबू को शिकायतकर्ता से हस्ताक्षरित चेक प्राप्त करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया।एसीबी ने आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।



