एसईसीएल सुरक्षा विभाग और त्रिपुरा स्टेट रायफल्स की संयुक्त बैठक

खदानों में चोरी रोकने, रात्रि गश्त और विधि-व्यवस्था पर बनी रणनीति
रायगढ़। एसईसीएल रायगढ़ क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से सोमवार को सुरक्षा विभाग एवं त्रिपुरा स्टेट रायफल्स (टीएसआर) के बरौद कैम्प के अधिकारियों की संयुक्त उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में बरौद, बिजारी एवं जामपाली ओसीएम की सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, खदानों में हो रही चोरी की घटनाओं की रोकथाम तथा आपसी समन्वय को मजबूत करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा प्रभारी रमेश दास महंत, जामपाली ओसीपी के सुरक्षा प्रभारी मुकेश कुमार मंडल, क्षेत्रीय मुख्यालय के सुरक्षा सुपरवाइजर साधु बी.पी., प्रधान सुरक्षा प्रहरी ननकी बाबू सिदारतथा त्रिपुरा स्टेट रायफल्स के बरौद कैम्प प्रभारी सुबेदार तारणी एस. जमातिया , नायब सूबेदार यशपाल सिंह नेगी, मान सिंह राणा , सीएचएम पी.एन. सरकार सहित अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।बैठक में क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) की सक्रियता बढ़ाने, रात्रिकालीन गश्त को प्रभावी बनाने, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने, सुरक्षा बलों के लिए आवश्यक वाहन उपलब्ध कराने तथा खदानों की समग्र सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए ठोस रणनीति तैयार की गई। अधिकारियों ने सुरक्षा संबंधी सभी पहलुओं पर सकारात्मक चर्चा करते हुए बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने पर सहमति जताई।
क्षेत्रीय सुरक्षा प्रभारी रमेश दास महंत ने स्पष्ट कहा कि खदानों में चोरी की घटनाओं को हर हाल में रोका जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने सुरक्षा बलों के बीच बेहतर तालमेल और सतत निगरानी को समय की आवश्यकता बताते हुए संयुक्त प्रयासों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।



