रायगढ़ जिले में बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का अवसर, 10 नवंबर से शुरू होंगे SIS ग्रुप के पंजीयन शिविर


धरमजयगढ़ से रायगढ़ तक सात विकासखंडों में लगेगा भर्ती शिविर, सुरक्षा गार्ड, सुपरवाइजर सहित विभिन्न पदों पर होगी भर्ती; जिला पंचायत ने अधिकारियों को जारी किया पत्र
रायगढ़। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से SIS ग्रुप रजिस्ट्रेशन कैंप का आयोजन किया जा रहा है। जिला पंचायत रायगढ़ के कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार जिले के सात विकासखंडों में चरणबद्ध तरीके से पंजीयन शिविर लगाए जाएंगे। इसकी शुरुआत 10 नवंबर 2026 से धरमजयगढ़ विकासखंड में होगी। भर्ती शिविर के माध्यम से सुरक्षा गार्ड, सुरक्षा सुपरवाइजर, SIS SLV एवं सुरक्षा अधिकारी सहित विभिन्न पदों पर युवाओं के चयन की प्रक्रिया की जाएगी।
जिला पंचायत रायगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा 29 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में जिला रोजगार अधिकारी, संबंधित परियोजना अधिकारियों तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। पत्र में कहा गया है कि बेरोजगार 10वीं पास अथवा अनुत्तीर्ण युवाओं को रोजगार का अवसर प्रदान करने के लिए SIS ग्रुप द्वारा पंजीयन शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए जनपद मुख्यालयों में हॉल, आवश्यक फर्नीचर और पेयजल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया है।

सात विकासखंडों में इस तारीख को लगेंगे शिविर
जिला पंचायत द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार वर्ष 2026 में विकासखंडवार पंजीयन शिविर की तिथियां निर्धारित की गई हैं।
1. धरमजयगढ़: 10 एवं 11 नवंबर 2026
2. लैलूंगा: 12 एवं 13 नवंबर 2026
3. घरघोड़ा: 14 एवं 16 नवंबर 2026
4. तमनार: 17 एवं 18 नवंबर 2026
5. खरसिया: 19 एवं 20 नवंबर 2026
6. पुसौर: 23 एवं 24 नवंबर 2026
7. रायगढ़: 25 एवं 26 नवंबर 2026
जारी पत्र में वर्ष 2027 के लिए भी आगामी शिविर की तिथियां दी गई हैं। इसके अनुसार धरमजयगढ़ में 6 जनवरी, लैलूंगा में 7 जनवरी, घरघोड़ा में 8 जनवरी, तमनार में 9 जनवरी, खरसिया में 11 जनवरी, पुसौर में 12 जनवरी तथा रायगढ़ में 13 जनवरी 2027 को शिविर आयोजित करने का कार्यक्रम दर्शाया गया है।
10वीं से स्नातक तक के युवाओं के लिए अवसर
SIS ग्रुप के भर्ती विज्ञापन में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता के आधार पर पदों की जानकारी दी गई है। विज्ञापन के अनुसार सुरक्षा गार्ड के लिए 10वीं पास या फेल, सुरक्षा सुपरवाइजर के लिए 12वीं पास, SIS SLV के लिए 10वीं पास या फेल तथा सुरक्षा अधिकारी के लिए स्नातक योग्यता निर्धारित की गई है। विज्ञापन में आयु सीमा, शारीरिक मापदंड और वेतनमान का भी उल्लेख किया गया है।
विज्ञापन के मुताबिक सुरक्षा गार्ड के लिए 396 पद, सुरक्षा सुपरवाइजर के लिए 100 पद, SIS SLV के लिए 50 पद और सुरक्षा अधिकारी के लिए 100 पद दर्शाए गए हैं। पदों के अनुसार विज्ञापित वेतनमान 15 हजार से 40 हजार रुपये प्रतिमाह तक बताया गया है।

प्रशिक्षण और अन्य सुविधाओं का भी किया गया दावा
भर्ती विज्ञापन में चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण, निर्धारित पोशाक तथा अन्य सुविधाएं देने का उल्लेख किया गया है। इसमें वार्षिक वेतन वृद्धि, समय-समय पर पदोन्नति, सरकारी पेंशन, बोनस, मेडिकल सुविधा, इंश्योरेंस और बच्चों की पढ़ाई जैसी सुविधाओं का दावा किया गया है। साथ ही प्रशिक्षण शुल्क की 100 प्रतिशत वापसी तथा 15 हजार रुपये बैंक खाते में वापस दिए जाने की बात भी विज्ञापन में कही गई है। इन सुविधाओं की वास्तविक पात्रता एवं शर्तों की जानकारी अभ्यर्थियों को संबंधित भर्ती प्रतिनिधियों से लिखित रूप में प्राप्त करनी चाहिए।
भर्ती शिविर में अभ्यर्थियों को क्या लाना होगा?
विज्ञापन के अनुसार भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को दसवीं अथवा बारहवीं की अंकसूची, आधार कार्ड और दो फोटो साथ लाने होंगे। विज्ञापन में पंजीयन शुल्क 350 रुपये ऑनलाइन जमा करने की बात कही गई है तथा इसकी रसीद साथ रखने का निर्देश दिया गया है।
भर्ती का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक निर्धारित बताया गया है। अधिक जानकारी के लिए विज्ञापन में SIS की वेबसाइट www.sisindia.com http://www.sisindia.com तथा संपर्क नंबर 8839534737 और 7004623515 जारी किए गए हैं।
युवाओं के लिए मौका, लेकिन भर्ती की शर्तों की जांच जरूरी
जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह शिविर एक अवसर बन सकता है। खासकर ऐसे युवाओं को इससे लाभ मिलने की उम्मीद है, जो कम शैक्षणिक योग्यता के कारण रोजगार के सीमित विकल्पों से जूझ रहे हैं।हालांकि, अभ्यर्थियों को पंजीयन शुल्क, प्रशिक्षण शुल्क की वापसी, वेतन, नियुक्ति की शर्तों और नौकरी के स्थान सहित सभी जानकारियां भर्ती संस्था से स्पष्ट रूप से प्राप्त करनी चाहिए। किसी भी प्रकार की राशि जमा करने से पहले उसकी आधिकारिक रसीद अवश्य लें और नियुक्ति संबंधी शर्तों का लिखित विवरण प्राप्त करें।



