अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर रायगढ़ में महिला कर्मियों को किया गया सम्मानित

रायगढ़। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर इंटक से सम्बद्ध साउथ ईस्टर्न कोयला मजदूर कांग्रेस (एसईकेएमसी) द्वारा रायगढ़ क्षेत्र महाप्रबंधक कार्यालय के पास एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन एसईकेएमसी इंटक की रायगढ़ क्षेत्रीय शाखा कमेटी द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला कर्मचारी शामिल हुईं।
कार्यक्रम में एसईकेएमसी इंटक के केंद्रीय नेता एवं रायगढ़ क्षेत्रीय अध्यक्ष डी. एल. ग्वालवंशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ क्षेत्रीय कार्यकारी अध्यक्ष रमेश दास महंत, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष सह शाखा अध्यक्ष साधु बी.पी., कार्यकारी अध्यक्ष कृष्ण कुमार यादव, राम कुमार सिंह, बलभद्र सिंह कंवर, नवीन कुमार, अंकिता पटेल, गायत्री साहू, उमा राठौर, बिष्णु साहू और बिनोद कुमार सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि डी. एल. ग्वालवंशी ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं की मेहनत और समर्पण से एसईसीएल और कोल इंडिया के विकास को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि महिलाएं कर्मचारी होने के साथ-साथ मां, बहन, बेटी और पत्नी के रूप में भी समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
उन्होंने सभी से महिला कर्मचारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मानजनक कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की अपील की। इस अवसर पर विभिन्न महिला कर्मचारियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।



