Latest News

“उड़ती राख से बेहाल जनता, नियमों की धज्जियां उड़ाने पर टीआरएन एनर्जी पर जुर्माना”

प्रदूषण पर ढील, जनता पर भारी: टीआरएन एनर्जी पर पर्यावरण विभाग की सख्ती, ₹68445 हजार का जुर्माना

घरघोड़ा — जिले के घरघोड़ा क्षेत्र में संचालित टीआरएन एनर्जी पावर प्लांट एक बार फिर लापरवाही के कारण विवादों में घिर गया है। पर्यावरण नियमों को ताक पर रखकर फ्लाई ऐश का परिवहन करना कंपनी को महंगा पड़ गया। शिकायतों के बाद हरकत में आए पर्यावरण विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए प्लांट प्रबंधन पर 68445 रुपये का जुर्माना ठोक दिया है।

जानकारी के अनुसार, प्लांट से निकलने वाली फ्लाई ऐश का उपयोग भारतमाला सड़क परियोजना में किया जा रहा है। इसके लिए रोजाना भारी वाहन राख लेकर घरघोड़ा से छाल हाटी मार्ग होते हुए गुजरते हैं। लेकिन इन वाहनों में सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही थी। अधिकांश गाड़ियाँ बिना ढके राख लेकर चल रही थीं, जिससे रास्ते भर राख उड़कर सड़कों और आसपास के इलाकों में फैल रही थी।

इस लापरवाही का खामियाजा स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों को भुगतना पड़ रहा था। उड़ती राख से जहां पर्यावरण प्रदूषण बढ़ रहा था, वहीं लोगों का सांस लेना भी मुश्किल हो गया था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पर्यावरण विभाग ने जांच कर कार्रवाई की।

प्रबंधन और प्रशासन दोनों कटघरे में

इस पूरे मामले ने न सिर्फ कंपनी प्रबंधन बल्कि स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लंबे समय से नियमों की अनदेखी होती रही, लेकिन समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

पर्यावरण विभाग ने जुर्माने के साथ सख्त चेतावनी भी दी है कि यदि भविष्य में नियमों का उल्लंघन दोहराया गया तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अब देखना होगा कि यह कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित रहती है या वास्तव में जमीनी स्तर पर सुधार देखने को मिलता है।

Niraj Biswas

नीरज विश्वास, सीजी चौपाल न्यूज़ . पता - रायगढ़ , छत्तीसगढ़ मो . 8818972003

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!