Latest News

पुरुंगा से हाटी मुख्य मार्ग में होगा डब्ल्यूबीएम रोड निर्माण

डीएमएफ मद से 80 लाख रुपए से अधिक की प्रशासकीय स्वीकृति

सड़क निर्माण से विकास को मिलेगी रफ्तार, मुख्य मार्गों से मजबूत होगा गांवों का संपर्क

रायगढ़ / मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशानुरूप रायगढ़ जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर लगातार प्रभावी कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनप्रतिनिधियों, स्थानीय ग्रामीणों, किसानों, एवं जन भावनाओं को विशेष ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा विकासखंड धरमजयगढ़ अंतर्गत पुरुंगा से हाटी मुख्य मार्ग में डब्ल्यू.बी.एम. सड़क निर्माण के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) मद से 80 लाख 89 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। सड़क निर्माण कार्य के लिए पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को कार्य एजेंसी नियुक्त किया गया है। सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है और लोगों ने इसे ग्रामीण विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया है। पुरुंगा से हाटी मुख्य मार्ग लंबे समय से ग्रामीणों के लिए आवागमन की बड़ी समस्या बना हुआ था। बरसात के दिनों में यह मार्ग और अधिक कठिन हो जाता था, जिससे ग्रामीणों को दैनिक कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। इस सड़क के निर्माण से सबसे अधिक लाभ विद्यार्थियों को मिलेगा, जिन्हें स्कूल आने-जाने में अब आसानी होगी। वहीं गर्भवती महिलाओं और मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में भी सुविधा मिलेगी, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच और मजबूत होगी। किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में राहत मिलेगी और धान बेचने के लिए आवागमन आसान हो जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से बेहतर तरीके से जुड़ सकेगा। जिला प्रशासन रायगढ़ द्वारा लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए डीएमएफ मद का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। कलेक्टर ने जिले के दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

Niraj Biswas

नीरज विश्वास, सीजी चौपाल न्यूज़ . पता - रायगढ़ , छत्तीसगढ़ मो . 8818972003

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!