Latest News

रायगढ़ में फिर सामने आई मानवीय संवेदनाओं को झकझोरने वाली घटना, मृत मां के पैसे के लिए बेटे की गुहार का वीडियो वायरल

रायगढ़ :- ओडिशा के केंदुझर जिले में जीतू मुंडा की घटना अभी लोगों के ज़ेहन से पूरी तरह उतरी भी नहीं थी कि अब छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक और दर्दनाक मामला सामने आया है। घरघोड़ा ब्लॉक के कुडुमकेला गाँव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक पीड़ित बेटा लक्ष्मी नारायण चौहान अपनी मां मृतक तिहारिन बाई चौहान के बैंक खाते में जमा पैसे पाने के लिए गुहार लगाता दिखाई दे रहा है।

देखे वीडियो👇

वीडियो में युवक भावुक होकर बता रहा है कि उसकी मां के खाते में करीब 44 हजार रुपये जमा हैं। वह लगातार बैंक के चक्कर काट रहा है, लेकिन उसे अब तक पैसे नहीं मिल पाए हैं। युवक का आरोप है कि बैंक से उसे उचित सहयोग नहीं मिल रहा, जिससे वह बेहद परेशान है।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब हाल ही में ओडिशा के केंदुझर जिले में एक हृदयविदारक घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। वहां एक भाई को अपनी मृत बहन के खाते से पैसे निकालने के लिए उसका कंकाल बैंक ले जाना पड़ा था। इस घटना के बाद प्रशासन और बैंक अधिकारियों की संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल उठे थे।

अब रायगढ़ की यह नई घटना एक बार फिर बैंकिंग व्यवस्था और प्रशासनिक प्रक्रियाओं पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गरीब और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अक्सर ऐसे मामलों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, खासकर तब जब दस्तावेज़ी प्रक्रिया जटिल होती है।

फिलहाल इस वायरल वीडियो के सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आता है या नहीं, यह देखने वाली बात होगी। वहीं, आम जनता इस तरह की घटनाओं से आहत है और त्वरित समाधान की मांग कर रही है।

Niraj Biswas

नीरज विश्वास, सीजी चौपाल न्यूज़ . पता - रायगढ़ , छत्तीसगढ़ मो . 8818972003

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!